हरिद्वार में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सीधा संवाद किया। गुरुकुल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और नवाचार के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए दावा किया कि इसके बाद बिना पर्ची और बिना खर्ची के 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री ने संसद में सांसद पप्पू यादव के साधु वेश वाले प्रदर्शन को लेकर भी निशाना साधा और इसे सनातन परंपरा को बदनाम करने की कोशिश बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए सरकार लगातार नई योजनाओं पर काम कर रही है। कौशल विकास से लेकर स्टार्टअप और होमस्टे जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। सीएम ने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है और हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने संसद भवन में ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे पर सांसद पप्पू यादव के साधु वेश में किए गए प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया दी। सीएम धामी ने इसे सनातन परंपरा को बदनाम करने की कोशिश बताया और कहा कि धार्मिक वेशभूषा और साधु-संतों की परंपरा का राजनीतिक प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

