बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तस्वीर में कितना फर्क है? उत्तर प्रदेश में बुलडोजर अवैध निर्माणों और बड़ी-बड़ी इमारतों पर चलता दिखाई देता है, तो वहीं हरिद्वार के श्यामपुर में HRDA का बुलडोजर कथित अवैध कॉलोनी पर पहुंचकर आखिर क्या कर गया—सिर्फ घास उखाड़कर लौट गया!
श्यामपुर में गंगा किनारे कथित अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को लेकर हमारे चैनल ने लगातार खबरें चलाईं। इसके बाद HRDA ने 15 जुलाई 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी कर 15 दिन में अनाधिकृत निर्माण और भू-विन्यास हटाने के निर्देश दिए। समय-सीमा खत्म हुई, कार्रवाई का इंतजार रहा और इसी बीच खबर को प्रभावित करने के लिए फोन आने के आरोप भी सामने आए।
आखिरकार HRDA की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय मशीन से सिर्फ जंगली घास हटाई गई।
यूपी में बुलडोजर की कार्रवाई देखकर लोग अवैध निर्माण पर कार्रवाई की उम्मीद करते हैं, लेकिन श्यामपुर की तस्वीर कई सवाल खड़े करती है।
क्या उत्तराखंड में बुलडोजर सिर्फ खानापूर्ति के लिए चलता है? क्या सरकारी मशीनरी और संसाधनों का इस्तेमाल महज दिखावे की कार्रवाई के लिए किया गया?
अगर यही ध्वस्तीकरण है, तो फिर असली अवैध निर्माण कब टूटेगा? अब जवाब HRDA और प्रशासन को देना होगा।

