हरिद्वार में राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार फर्मों पर छापेमारी और सर्वेक्षण किया।

कर चोरी रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत मै० स्टार टेक्नोलॉजीज एंड एसोसिएट्स, मै० सुरभी एंटरप्राइजेज, मै० भारत टेक्नोक्रेट्स प्रा० लि० और मै० ए०डी०एस० इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन की जांच की गई। शिकायतों में सामने आया था कि ये फर्में अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेकर अपने जीएसटी रिटर्न में नकद कर भुगतान बेहद कम या शून्य दिखा रही थीं तथा आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर अपने टर्नओवर को कृत्रिम रूप से बढ़ा रही थीं।आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के लिए चार टीमों का गठन किया गया,


जिनमें विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के कुल 12 अधिकारियों को शामिल किया गया। सर्वेक्षण के दौरान खरीद-बिक्री के आधार पर स्टॉक का सत्यापन किया गया, जिसमें मौजूदा स्टॉक और ली गई आईटीसी के आंकड़ों में भारी विसंगतियां मिलीं।
जांच के दौरान ही संबंधित फर्मों ने 2 करोड़ रुपये टैक्स और जुर्माने के रूप में जमा करा दिए। विभाग ने महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार टैक्स और जुर्माने की वसूली की जाएगी। आयुक्त प्रतीक जैन ने कहा कि फर्जी आईटीसी के जरिए कर चोरी करने वालों के खिलाफ विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी सभी फर्मों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।


