हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति आज से हल्द्वानी में शुरू हो रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शिरकत करेंगे। प्रदेश कार्यसमिति में हिस्सा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन को लेकर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। मदन कौशिक ने कहा कि कार्यसमिति में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। वहीं, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भी प्रदेश कार्यसमिति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया। नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है।

