हरिद्वार में लक्सर क्षेत्र की युवा खिलाड़ियों ने खेल मैदान उपलब्ध कराने और बजट में कथित अनियमितता के आरोपों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। लक्सर में खेल के लिए बनाया गया मिनी स्टेडियम तालाब में तब्दील हो चुका है। खिलाड़ियों को खेलने के लिए मैदान भी नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते खो-खो और कबड्डी की जिला स्तरीय खिलाड़ियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर एडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। एक ओर उत्तराखंड में खेल महाकुंभ का आयोजन हो रहा है तो वहीं दूसरी ओर हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को उचित मैदान भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लक्सर में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जो मैदान उपलब्ध है उसमें आज तलाब जैसा माहौल बना हुआ है। जिस कारण खिलाड़ियों को गांव से करीब 35 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करना पड़ा। युवा खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि खेल मैदान के लिए जारी बजट का सही इस्तेमाल नहीं किया गया और बजट को लेकर बंदरबांट की जा रही है। खिलाड़ियों का यह भी आरोप है कि क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों ने एडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। एडीएम ने खिलाड़ियों के आरोपों की जांच कराने और संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने की बात कही है।

