रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को ठेंगा दिखाने वाली एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। हल्लो माजरा चौक स्थित जिस ‘बिना बोर्ड वाले फर्जी अस्पताल’ का पर्दाफाश हमारे चैनल ने किया था, वह एक बार फिर नियमों को ताक पर रखकर बेधड़क शुरू हो गया है।

हाल ही में हमारी खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कई अवैध अस्पतालों पर छापेमारी कर कार्रवाई का दावा किया था, लेकिन यह कार्रवाई महज कागजी खानापूर्ति साबित हुई है।आपको बता दे कि रुड़की के भगवानपुर स्थित हल्लो माजरा चौक पर चल रहा यह बिना बोर्ड का अस्पताल प्रशासनिक तंत्र को मुँह चिढ़ा रहा है। कुछ दिन पहले जब हमारे चैनल ने इसके काले कारनामों को उजागर किया था, तब स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी की थी। लगा था कि फर्जीवाड़े की यह दुकान बंद हो जाएगी, लेकिन सुस्ती के चलते अस्पताल दोबारा गुलजार हो गया है।

सूत्रों के मुताबिक, इस अस्पताल को चलाने वाली महिला डॉक्टर कोई डिग्रीधारी नहीं, बल्कि एक ‘झोलाछाप डॉक्टर’ है। हद तो यह है कि बिना किसी मेडिकल योग्यता के इस अवैध अस्पताल के भीतर बाकायदा ऑपरेशन थिएटर तक चलाया जा रहा है, जो मरीजों की जान से सीधा खिलवाड़ है।

बिना बोर्ड, बिना डिग्री और बिना लाइसेंस के चल रहे इस अस्पताल का दोबारा खुलना किसी बड़ी अनहोनी को न्योता देना है। अब देखना होगा कि खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग इस पर क्या ठोस कार्रवाई करता है

