हल्द्वानी में खाकी को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। राजपुरा चौकी प्रभारी महिला दरोगा आरती को कोतवाली परिसर के भीतर ही एसओजी के एक सिपाही ने थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं, आरोपी सिपाही ने लाइसेंसी पिस्टल से जान से मारने की धमकी दी और उनकी वर्दी भी खींची। मामले में महिला दरोगा की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसपी से शिकायत करने पर भड़का था सिपाही
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पूरा विवाद 10 अक्टूबर से शुरू हुआ था। आरोप है कि एसओजी सिपाही अनिल गिरी ने महिला दरोगा को फोन कर उनके पति और बच्चों समेत जान से मारने की धमकी दी थी महिला दरोगा ने इस बात की शिकायत सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से कर दी थी शिकायत की भनक लगते ही आरोपी सिपाही का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। अगले दिन यानी 11 अक्टूबर को वह सीधे हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गया और महिला दरोगा के साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी।
वर्दी खींचकर दी जान से मारने की धमकी
महिला दरोगा ने अपनी तहरीर में बताया कि आरोपी सिपाही ने कोतवाली के अंदर उनकी कॉलर और वर्दी पकड़कर खींची। साथ ही, उसके पास लाइसेंसी पिस्टल होने की बात कहते हुए उन्हें और उनके परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी। पुलिस विभाग के भीतर ही एक महिला अधिकारी के साथ इस तरह की अभद्रता और मारपीट से महकमे में हड़कंप मच गया है सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के संबंध में एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि पूरा मामला कोतवाली परिसर का है, इसलिए साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

