रुड़की के लक्सर में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची माइनिंग विभाग की टीम पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ओवरलोड ट्रैक्टरों की चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने माइनिंग टीम को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी वाहन में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, टीम के कर्मचारियों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं
बताया जा रहा है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति सामने आ चुकी है। घटना के बाद माइनिंग विभाग की टीम ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान किसी भी सूरत में नहीं रुकेगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने, टीम पर हमला करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

