विकासनगर के सेलाकुई थाना क्षेत्र में अवैध खनन का खौफनाक चेहरा सामने आया है! स्वारना नदी में अवैध खनन सामग्री भर रहा एक ट्रैक्टर-चालक वन सुरक्षा दल को देखते ही भागने लगा। इसी दौरान अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से नीचे गिरे चालक की दर्दनाक मौत हो गई।हादसा भाऊवाला पुल के पास हुआ, जहां चौहड़पुर रेंज का वन दस्ता गश्त पर था। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी 32 वर्षीय रूपन सिंह के रूप में हुई है, जो भाऊवाला झुग्गी में रहकर मजदूरी करता था।
गश्ती दल को देख भागते वक्त ट्रैक्टर पत्थर से टकराकर असंतुलित हो गया और चालक सिर के बल पत्थरों पर जा गिरा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।यह हादसा प्रशासन के दावों की पोल खोल रहा है। पिछले साल 16 सितंबर 2025 को भी टोंस नदी के उफान में ऐसा ही बड़ा हादसा हो चुका है जिसमें कई मजदूरों की जान गई थी, लेकिन प्रशासनिक नींद नहीं खुली। मानसून में नदियों में खनन पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद विकासनगर क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। साफ है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और जनता अब प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े कर रही है।

