मसूरी विधानसभा के विधायक एवं मंत्री श्री गणेश जोशी जी के घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर इतना बड़ा भ्रष्टाचार…देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के नेशविला रोड पर प्रस्तावित 64 फ्लैटों की बहुमंजिला इमारत को लेकर स्थानीय निवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

लोगों का कहना है कि मंत्री एवं विधायक गणेश जोशी के आवास से करीब 100 मीटर की दूरी पर बन रही इस इमारत से सुरक्षा, पर्यावरण और यातायात संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में केवल लगभग 15 फुट चौड़ी सड़क है, जो इतने बड़े प्रोजेक्ट के लिए पर्याप्त नहीं है। उनका यह भी कहना है कि इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण से शिकायत की गई,

निर्माण कुछ समय के लिए रुका, लेकिन बाद में फिर शुरू हो गया।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण स्थल के पीछे स्थित रिटेनिंग वॉल कमजोर है, जिससे नीचे बने मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। बरसात के मौसम में जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका भी जताई गई है। लोगों का कहना है
कि 64 फ्लैट बनने के बाद वाहनों का दबाव बढ़ेगा, जबकि सड़क पहले से ही संकरी है। इसके अलावा जल एवं विद्युत कनेक्शन में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा भवन निर्माण से जुड़ी सभी वैधानिक स्वीकृतियों, पर्यावरणीय अनुमति, भू-तकनीकी रिपोर्ट और अग्नि सुरक्षा अनुमति की जांच की मांग भी स्थानीय लोगों ने उठाई है।


