हरिद्वार के रुड़की स्थित मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय दलित नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। हिंदू संगठनों ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए आरोपी युवक सलमान पर धार्मिक पहचान छिपाने के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अभी तक मेडिकल में किसी गलत कृत्य की पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि 21 जुलाई को किशोरी लापता हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। करीब दस दिन बाद, 1 अगस्त की रात पुलिस ने किशोरी को बरामद कर मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार किशोरी अपने एक मित्र के साथ मिली थी और फिलहाल उसे बाल गृह भेजा गया है क्योंकि वह घर नहीं जाना चाह रही थी।हिंदू संगठनों का आरोप है कि सलमान ने अपने हाथ पर ‘ॐ’ का टैटू गुदवाया और महाकाल का कड़ा पहनकर किशोरी से दोस्ती की।
संगठन का यह भी दावा है कि युवक की बहन रिहाना ने दोनों की दोस्ती कराने और किशोरी को साथ ले जाने में सहयोग किया। इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें सलमान अपनी बहन पर सहयोग करने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है।सोमवार को अनुज बजरंगी के नेतृत्व में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसपी देहात कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। अनुज बजरंगी ने कहा कि जिले में ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।वहीं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले में जांच जारी है। मेडिकल में किसी प्रकार के दुष्कर्म या गलत कृत्य की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस किशोरी के साथ मिले युवक और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

