चार घंटे की मैराथन बैठक में विकास, कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं पर सख्त निर्देश; नवंबर तक दुरुस्त होंगी खोदी गई सड़कें

मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री आवास में देर रात तक चली चार घंटे से अधिक की मैराथन बैठक में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और एसएसपी को ताबड़तोड़ दिशा-निर्देश देते हुए साफ कर दिया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सीवर-पेयजल पाइपलाइन के अधूरे कार्य नवंबर फर्स्ट वीक तक पूरे कर खोदी गई सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए। राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण, पुलिस में संज्ञेय अपराधों पर तत्काल एफआईआर और त्योहारों में सुरक्षा-यातायात व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।कुंभ-2027 की तैयारियों की साप्ताहिक समीक्षा, ऑपरेशन कालनेमि व सत्यापन अभियान में तेजी तथा आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत देने के निर्देश भी दिए। दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने और भालू-तेंदुए के हमलों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा।

सीएम धामी का स्पष्ट संदेश—अधिकारी फील्ड में उतरें, जनता को राहत दें और काम में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय होगी।

