केदारनाथ में दुकानदारों का फूटा गुस्सा! मंदिर मार्ग से दुकानें हटाने के बाद हेलीपैड पर धरना
केदारनाथ धाम में मंदिर मार्ग पर दुकानों को हटाने की कार्रवाई के बाद व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया।
शनिवार को प्रशासन और पुलिस की निगरानी में दुकानें हटाए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंचे और धरने पर बैठ गए। व्यापारियों का कहना है कि ये दुकानें उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन हैं। यात्रा सीजन में इन्हीं से कमाई होती है। दुकानें हटने से रोजगार छिन गया और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण से तीर्थयात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही है और पुनर्निर्माण कार्यों में भी बाधा आ रही है। प्रशासन व्यापारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।केदारनाथ में यह विवाद अब और गहराता दिख रहा है।

