हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। सीसीआर सभागार में हुई बैठक में कुंभ क्षेत्र से जुड़े 27 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद 57 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने कुंभ क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया और सभी कार्य कुंभ मेले से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।कुंभ मेला 2027 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में 57 करोड़ रुपये से अधिक लागत की योजनाओं को अनुमोदन दिया गया। बैठक में स्थायी और अस्थायी प्रकृति के 27 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें संपर्क मार्गों का सुधार, घाटों का निर्माण एवं अनुरक्षण, अस्थायी पैदल पुल, बस अड्डे और पार्किंग स्थल, साइनेज, टेंट सिटी तथा पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के लिए बैरक निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कुंभ नगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को ध्यान में रखते हुए निर्माण, सौंदर्यीकरण और साइनेज में एक समान कलर स्कीम और थीम बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने कुंभ क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रोड़ी बेलवाला में यूआईआईडीबी की पुनर्विकास योजना के तहत घाटों के पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण कराया गया और अधिकारियों को तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

