पौड़ी जनपद के ग्राम चवत में सीसी मार्ग निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता और घटिया निर्माण गुणवत्ता को लेकर ग्राम प्रधान ने मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम प्रधान का आरोप है कि एक ठेकेदार द्वारा बनाए गए सीसी मार्ग का भुगतान दो अलग-अलग मदों विधायक निधि एवं राज्य वित्त से लिया गया है।

उन्होंने इस संबंध में संबंधित दस्तावेज भी मुख्य विकास अधिकारी को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।ग्राम प्रधान का कहना है कि पहले उक्त सीसी मार्ग का निर्माण विधायक निधि से कराया गया था, लेकिन बाद में उसी कार्य को राज्य वित्त योजना में दर्शाकर दोबारा भुगतान निकाल लिया गया। आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद घटिया गुणवत्ता का किया गया, जिसके चलते मात्र छह माह के भीतर ही सीसी मार्ग पूरी तरह उखड़ने लगा है। रास्ता क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है,

लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।वहीं पूरे मामले में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित की जाएगी। टीम गांव पहुंचकर निर्माण कार्य और वित्तीय अभिलेखों का निरीक्षण करेगी तथा अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

