रुड़की के भगवानपुर में एचआरडी की साठगांठ से चल रहा अवैध कॉलोनी का खेल? म्हाड़ी चौक के पास धड़ल्ले से हो रहा निर्माण।

बिना लेआउट अप्रूवल और नक्शे के बसाई जा रही अवैध कॉलोनी, आरसीसी रोड का निर्माण भी चालू….
रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र मे नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाकर एक अवैध कॉलोनी का निर्माण धड़ल्ले से जारी है। मामला भगवानपुर स्थित म्हाड़ी चौक का है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यहां बिना किसी वैध लेआउट और सरकारी मंजूरी के एक अवैध प्लॉटिंग का खेल खेला जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी कॉलोनी के भीतर ना सिर्फ पक्की आरसीसी सड़कें बना दी गई हैं, बल्कि कई आवासीय और व्यावसायिक निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।जमीन के इस अवैध कारोबार पर प्रशासन का चाबुक चलता नहीं दिख रहा है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि विकास प्राधिकरण के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से साठगांठ कर इस पूरी अवैध कॉलोनी को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिना नक्शा पास कराए और बिना लेआउट अप्रूवल के यहां लोगों को प्लॉट बेचे जा रहे हैं, जिससे भविष्य में यहां आशियाना बनाने वाले आम खरीदारों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस अवैध निर्माण की भनक तक नहीं है? या फिर साठगांठ के इस खेल में जानबूझकर आंखें मूंद ली गई हैं? इस पूरे मामले पर जब स्थानीय लोगों से बात की गई तो उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए…

फिलहाल अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद HRDA और जिला प्रशासन इस अवैध कॉलोनी पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर यह अवैध धंधा ऐसे ही बेखौफ फलता-फूलता रहेगा

