रुड़की:- मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक सौतेली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां की नृशंस हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को कार के अंदर अंजाम दिया और साक्ष्य मिटाने के इरादे से महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद शव को बोरी में बंद कर देर रात रुड़की के मंगलौर इलाके में नहर के पास फेंककर फरार हो गए।सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब मंगलौर में सिंचाई विभाग दफ्तर के पास स्थानीय लोगों ने एक बोरी में बंद सिरकटी लाश देखी।
मौके पर जुटी भीड़ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।तफ्तीश के दौरान पुलिस के हाथ जो सुराग लगे, उसने सभी को हैरान कर दिया। जांच में सामने आया कि मेरठ की रहने वाली उन्नति ने अपने साथी आशीष चौहान के साथ मिलकर इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया था। दोनों ने गाड़ी के भीतर ही महिला की जान ली और फिर धड़ से सिर अलग कर शव को ठिकाने लगाने उत्तराखंड पहुंच गए।वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी पहाड़ी इलाकों की तरफ भाग निकले थे, जिन्हें पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कत्ल के पीछे की असल वजह जानने के लिए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।

