पहाड़ के युवा रवि टम्टा ने रचा इतिहास, तैयार की फ्लाइंग कार; सफल परीक्षण से बढ़ाया उत्तराखंड का मान
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के युवा आविष्कारक रवि टम्टा ने अपने हुनर और तकनीकी प्रयोग से एक नई उपलब्धि हासिल की है। अल्मोड़ा के काफलीखान निवासी रवि टम्टा और उनकी टीम ने ड्रोन तकनीक में सुधार कर तैयार किए गए सिंगल सीटर फ्लाइंग कार के प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण किया है।रवि ने अल्मोड़ा के मैदान में इस फ्लाइंग कार से उड़ान भरी। अपने स्टार्टअप Hapida Sky Private Limited के तहत विकसित इस प्रोटोटाइप को HAPIDA SKYNEX नाम दिया गया है। रवि ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे भारत के पहले Personal Flying Vehicle की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।रवि टम्टा की इस उपलब्धि का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रवि का कहना है कि HAPIDA SKYNEX की पहली सफल उड़ान उनके वर्षों के शोध, संघर्ष, प्रयोग और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से उत्तराखंड के युवाओं में भी नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।

