देहरादून से टोल प्लाजा पर सरेआम गुंडागर्दी का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां कुछ कार सवारों ने कानून को ताक पर रखकर एक टोल कर्मी के साथ जमकर मारपीट की। पूरी घटना विकासनगर के धर्मावाला क्षेत्र में बने नए टोल प्लाजा की बताई जा रही है।वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हिमाचल प्रदेश नंबर की कार में सवार कुछ युवक और एक युवती, देहरादून में एंट्री करते वक्त टोल प्लाजा पर हंगामा शुरू कर देते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, कार सवारों का व्यवहार बेहद असामान्य और अनियंत्रित लग रहा था। किसी बात पर हुई कहासुनी के बाद, इन युवकों का आपा इस कदर खो गया कि उन्होंने टोल कर्मी पर हमला बोल दिया। गाली-गलौज करते हुए इन दबंगों ने टोल कर्मी को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह लहूलुहान हो गया।इस घटना का दूसरा पहलू टोल प्रशासन की मुस्तैदी और सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े करता है। पूरी वीडियो के दौरान हैरान करने वाली बात यह रही कि पीड़ित टोल कर्मी को बचाने के लिए वहां न तो कोई दूसरा सहकर्मी आगे आया और न ही टोल प्रबंधन का कोई सुरक्षाकर्मी या अधिकारी दिखाई दिया।
एक कर्मचारी को सरेआम पिटता छोड़ देना, कहीं न कहीं टोल प्रशासन की भारी लापरवाही और अपने स्टाफ की सुरक्षा को लेकर उनकी उदासीनता को उजागर करता है।इस पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी अपनी हिमाचल नंबर की कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाती इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद, अब जहां एक तरफ पुलिस की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ टोल प्लाजा की लचर सुरक्षा व्यवस्था भी कटघरे में है…

