रुड़की के मंगलौर से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली तस्वीर सामने आई है। बीती 7 जून को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिबरहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष का एक नया और लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए छतों से ताबड़तोड़ फायरिंग की जा रही है और पथराव हो रहा है। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले में अब ‘एक्शन मोड’ में आ चुकी है। ये तस्वीरें मंगलौर के लिबरहेड़ी गांव की हैं। इन तस्वीरों को जरा गौर से देखिए… किस तरह लोग अपने घरों की छतों पर मुस्तैद हैं। किसी के हाथ में पत्थर हैं, तो किसी के हाथ में सीधे मौत का सामान यानी बंदूकें और तमंचे हैं।वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि गांव के कुछ युवक और पुरुष छतों पर खड़े होकर दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। बंदूक से निकलता सफेद धुआं और बैकग्राउंड में गूंजती गोलियों की तड़तड़ाहट गवाही दे रही है कि उस वक्त लिबरहेड़ी गांव में किस कदर दहशत का माहौल रहा होगा। दो पक्षों के बीच हुई इस पत्थरबाजी और गोलीबारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन अब इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धर-पकड़ के लिए अपनी जांच का दायरा और तेज कर दिया है।मंगलौर के CO अभिनय चौधरी का कहना है कि पुलिस पूरे प्रकरण की बेहद गंभीरता और बारिकी से जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर फायरिंग और पथराव करने वाले एक-एक आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही बाकी बचे सभी आरोपी भी पुलिस की सलाखों के पीछे होंगे। तो साफ है कि पुलिस अब इन वीडियो फुटेज को ही आरोपियों के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बनाने जा रही है।
वीडियो में दिख रहे चेहरों को चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही इस मामले में कई और बड़ी गिरफ्तारियां देखने को मिल सकती हैं।

