- रुड़की मे भगवानपुर के बिनारसी गांव में दो पक्षों के बीच चली आ रही आपसी रंजिश आज खूनी खेल में बदल गई। देखते ही देखते गांव का माहौल इतना बिगड़ गया कि उपद्रवियों ने न सिर्फ कई राउंड फायरिंग की, बल्कि घरों को आग के हवाले भी कर दिया।घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मची हुई है। बताया जा रहा है कि इस अंधाधुंध फायरिंग में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि प्रशासन को आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाना पड़ा। गांव के गलियारों में सन्नाटा है, लेकिन आगजनी की लपटें अभी भी प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं।
वहीं एसपी देहात शेखरचंद सुयाल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस का पहला लक्ष्य स्थिति को शांत करना और घायलों को इलाज मुहैया कराना है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल बिनारसी गांव छावनी में तब्दील हो चुका है। पुलिस की टीमें उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं, लेकिन गांव में तनाव अभी भी बरकरार है। सवाल यही है कि आखिर रंजिश की ये आग कब शांत होगी?

