सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के उमेदपुर गांव में सरकारी लापरवाही ने ग्रामीणों का धैर्य तोड़ दिया है। सिंचाई विभाग के अधूरे काम और मूसलाधार बारिश के कारण गांव का मुख्य मार्ग दलदल बन गया है। ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दे डाली। दरअसल विकासनगर के उमेदपुर (ईस्ट होप टाउन) में आज भारी बारिश के बीच ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

सिंचाई विभाग द्वारा अंडरग्राउंड पाइपलाइन डालने के अधूरे काम के कारण गांव का मुख्य मार्ग पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह बंद पड़ा है। पूरा रास्ता गहरे कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और किसानों का आवागमन ठप हो गया है।ग्रामीण छाते लेकर सड़क पर उतरे और जोरदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाते हुए आगामी चुनावों के बहिष्कार की साफ चेतावनी दी।ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के बीच जेसीबी से खुदाई की गई, रास्ता समतल किया गया, लेकिन बारिश ने सब कुछ दलदल बना दिया। इससे गंदगी और प्रदूषण भी बढ़ गया है।ग्राम प्रधान एडवोकेट अजय पैन्यूली का कहना है कि“यह मार्ग उमेदपुर-नयागांव संपर्क मार्ग है। इसके डामरीकरण के लिए 97 लाख 30 हजार रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल रही है। हमने विधायक से मुलाकात की है, उन्होंने सीएम स्तर से तीन महीने में काम कराने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन मे 50 से ज्यादा ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

