सभी कैबिनेट मंत्रीयों के विभागों के पांच करोड़ रुपए से ऊपर के कामों की फाइल एप्रूवल के लिए पहले श्री सौरभ बहुगुणा जी के पास जायेगी!
मुख्यमंत्री धामी के भरोसे के मजबूत स्तंभ बनकर उभरे सौरभ बहुगुणा, बड़ी योजनाओं की जिम्मेदारी, बड़े विश्वास का प्रमाण हैं सौरभ बहुगुणा।
सियासी और प्रशासनिक कद, 5 करोड़ से अधिक की योजनाओं पर निभाएंगे सौरभ अहम भूमिका
मुख्यमंत्री सचिवालय से जारी एक महत्वपूर्ण पत्र के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की भूमिका को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि विभिन्न विभागों में संचालित 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली जनहित की योजनाओं का विस्तृत विवरण एवं ब्रीफ नोट तैयार कर पहले कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के अवलोकन एवं संस्तुति के लिए प्रस्तुत किया जाए। इसके उपरांत उसकी प्रति मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के प्रमुख निजी सचिव भूपेंद्र सिंह बसेड़ा की ओर से जारी इस पत्र में सभी मंत्रियों के प्रमुख निजी सचिवों, वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिवों एवं निजी सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों की 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं का विवरण तैयार कर संबंधित मंत्री के माध्यम से सौरभ बहुगुणा के संज्ञान में उपलब्ध कराएं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह व्यवस्था सरकार की बड़ी और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, समन्वय और समीक्षा को और मजबूत करेगी। साथ ही इससे यह भी संकेत मिलता है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सौरभ बहुगुणा पर विशेष विश्वास जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
सरकार की प्राथमिकता वाली बड़ी विकास योजनाओं के समन्वय में सौरभ बहुगुणा की भूमिका अब और अधिक प्रभावशाली मानी जा रही है। इसे सरकार के भीतर उनके बढ़ते राजनीतिक और प्रशासनिक महत्व के रूप में भी देखा जा रहा है।

