रूड़की से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता और उसकी गर्भवती बहन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि भाभी के उकसाने पर आए दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया, महिलाओं के कपड़े फाड़े और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित महिला ने अब इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।यह पूरा मामला रूड़की के रामनगर नई बस्ती का है। सलेमपुर राजपूतान की रहने वाली सोनम का विवाह सचिन कुमार के साथ हुआ था। सोनम का आरोप है कि जब भी वह अपने मायके आती थी, तो उसकी भाभी सपना बिना किसी बात के घर में क्लेश शुरू कर देती थी। इसी विवाद के चलते बीती 17 मई को जब सोनम अपनी गर्भवती छोटी बहन से मिलने मायके आई, तो भाभी ने फिर से तानाकशी शुरू कर दी। विवाद ने तूल तब पकड़ा जब 19 मई को भाभी सपना के भाई आकाश, साहिल और लक्की वहां पहुंचे। आरोप है कि भाभी के भाई आकाश ने फोन करके दो कारों में भरकर 7 से 8 अज्ञात बदमाशों को लाठी-डंडों और हथियारों के साथ वहां बुला लिया।
पीड़िता सोनम ने शिकायत में बताया कि हमलावरों ने न सिर्फ उसके और उसके माता-पिता के साथ मारपीट की, बल्कि उसकी गर्भवती बहन को भी नहीं बख्शा। शोर-शराबा सुनकर जब आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, तब जाकर बमुश्किल इन महिलाओं की जान बचाई जा सकी। जाते-जाते आरोपी यह धमकी दे गए कि अगर दोबारा यहां दिखाई दीं या पुलिस में शिकायत की, तो जान से मार देंगे। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि कैसे दिन-दहाड़े दो गाड़ियों में भरकर आए बदमाश एक घर पर हमला कर देते हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। देखना होगा कि इस मामले में नामजद आरोपियों और उन अज्ञात गुंडों की गिरफ्तारी कब तक होती

