हरिद्वार में सुराज सेवा दल ने नगर निगम भूमि घोटाले को लेकर प्रशासन और जांच एजेंसियों पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि करोड़ों रुपये के घोटाले में अब तक न सरकारी धन की रिकवरी हुई और न ही कानूनगो, पटवारी व तहसीलदार स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को कमजोर कर प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है। संगठन ने भूमाफियाओं और राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जांच के दायरे में आए अधिकारियों-कर्मचारियों को दूसरे जनपदों में स्थानांतरित करने की मांग की, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।सुराज सेवा दल ने घोटाले में हुई वित्तीय क्षति की रिकवरी दोषियों से कराने की मांग भी उठाई।
साथ ही सचिव रणवीर चौहान से जुड़े मामले में ईडी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि जांच से जुड़े तथ्यों को जनता के सामने लाया जाए।संगठन ने संबंधित कानूनगो के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों का हवाला देते हुए उनकी भूमिका की गंभीर जांच की मांग की। इसके अलावा बाहर रह रहे लोगों की जमीनों पर बढ़ते अवैध कब्जों पर भी चिंता जताई गई।सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई और रिकवरी शुरू नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसी मांग को लेकर 23 मई को राजस्व परिषद कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

