स्मार्ट मीटर की 193 यूनिट रीडिंग पर 81 हजार का बिल! उपभोक्ता ने उठाए सवाल
देहरादून। स्मार्ट मीटर व्यवस्था को पारदर्शी और सटीक बिलिंग प्रणाली के रूप में लागू किया गया था, लेकिन अब इसी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मोखमपुर क्षेत्र के एक उपभोक्ता के यहां स्मार्ट मीटर में मात्र 193 यूनिट की खपत दर्ज होने के बावजूद करीब 81,000 रुपये का बिजली बिल जारी होने का मामला सामने आया है।

उपभोक्ता भास्करानंद पांडे का कहना है कि सामान्य दरों के अनुसार 193 यूनिट की खपत का बिल लगभग 700 से 800 रुपये के आसपास होना चाहिए, लेकिन जारी बिल की राशि असामान्य रूप से अधिक है। उन्होंने इसे गंभीर त्रुटि बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।
इस संबंध में उपभोक्ता ने Uttarakhand Power Corporation Limited (यूपीसीएल) के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जो अब Electricity Consumer Grievance Redressal Forum, गबर सिंह भवन, कांवली रोड, देहरादून में विचाराधीन है। परिवाद संख्या 150/2025 के तहत मामले की सुनवाई 26 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे निर्धारित की गई है।

मंच ने विद्युत वितरण खंड (रायपुर) के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया है कि वे संबंधित अभिलेख एवं बिंदुवार आख्या नियत तिथि तक प्रस्तुत करें तथा मंच के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें।



यह मामला स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और बिलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। यदि उपभोक्ता का दावा सही पाया जाता है, तो यह न केवल एक व्यक्ति बल्कि अन्य उपभोक्ताओं के लिए भी चिंता का विषय बन सकता है।
अब सभी की निगाहें आगामी सुनवाई पर टिकी हैं कि आखिर 193 यूनिट की खपत पर 81 हजार रुपये का बिल कैसे जारी हुआ और उपभोक्ता को क्या राहत मिलती है।

