जौनसार बाबर जनजाति क्षेत्र के 275 राशन डीलरों ने सामूहिक बैठक कर सरकारी गोदाम से राशन न उठाने का फैसला किया है।
ऐसे में जौनसार बाबर के 400 से अधिक गांव के लाखों लोगों को अब सरकारी राशन वितरित नहीं हो पा रहा है।
अपनी मांगों के चलते इन राशन डीलरो ने पिछले महीने का राशन भी ना तो गोदाम से उठाया और ना ही वितरित किया।
राशन डीलरो की मांग है कि कोविड काल के दौरान 2020-21 का रुका हुआ परिवहन भाड़ा व लाभांश उन्हें जल्द दिया जाए।
राशन डीलरो का कहना है कि सालों से आंगनबाड़ी केन्द्रो का भुगतान भी नहीं हो पाया है…
राशन डीलर एसोसिएशन खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा दी जा रही ई-पॉश (Electronic Point of Sale) मशीन का भी विरोध कर रहे हैं… राशन डीलरों का कहना है की पहाड़ की विषम परिस्थितियों में लाइट और इंटरनेट की कमी के चलते इस इलेक्ट्रॉनिक मशीन से काम करना संभव नहीं है।
बैठक के दौरान सभी राशन डीलरों ने अपनी मांगे पूरी ना हो जाने तक गोदाम से राशन न उठाने का फैसला लिया है।
इस दौरान संगठन की तरफ से अपनी मांगों को लेकर उप जिलाधिकारी विकास नगर के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सोपा गया।
वहीं इस गंभीर मामले में जिला पूर्ति अधिकारी ने जल्द राशन डीलरों की समस्या का समाधान करने की बात कही है।

