रुड़की में अवैध कॉलोनाइजर्स के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने अपना कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को आज प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई की शुरुआत सालियर माधोपुर रोड से हुई, जहाँ त्यागी डेरी के सामने लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग का जाल बिछाया जा रहा था। प्राधिकरण के निर्देशों को ताक पर रखकर यहाँ धड़ल्ले से निर्माण जारी था, जिसे आज जेसीबी (JCB) की मदद से जमींदोज कर दिया गया।

इसके बाद टीम ढंडेरा स्थित पानी की टंकी के पास पहुँची। यहाँ श्री जितेन्द्र राणा और उनके सहयोगियों द्वारा लगभग 5 से 6 बीघा में अनधिकृत कॉलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए यहाँ की गई बाउंड्री वॉल और सड़कों को तोड़ दिया

कार्रवाई का तीसरा पड़ाव ढंडेरी ख्वाजगीपुर गाँव रहा। यहाँ नवनिर्मित शिव मंदिर के पीछे 4 से 5 बीघा में अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इन सभी मामलों में पहले ही वाद योजित किए जा चुके थे, लेकिन निर्माणकर्ता काम रोकने को तैयार नहीं थे।प्राधिकरण की टीम ने स्पष्ट किया है कि यदि बिना ले-आउट पास कराए कोई भी कॉलोनी विकसित करना दंडनीय अपराध है।

बार-बार दिए गए निर्देशों की अनदेखी करने पर यह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। भविष्य में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई और तेज की जाएगी इस कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राधिकरण ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधानिकता और स्वीकृत मानचित्र की जांच अवश्य कर लें, ताकि उनकी गाढ़ी कमाई डूबने से बच सके


