जिला पंचायत पौड़ी में निर्माण अनुभाग से कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस व पत्रावलियां गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विभाग की चार सदस्यीय जांच टीम ने जिला पंचायत पौड़ी के कार्यालय से कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस व पत्रावलियां गायब होने की पुष्टि की है। प्ररकण में जिला पंचायत प्रशासन ने पौड़ी पुलिस को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर पत्र भेजा है। वहीं शिकायती पत्र मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है। जिला पंचायत पौड़ी में सेवारत प्रधान सहायक मनोज भंडारी, कनिष्ठ सहायक विकेश नेगी व सचिन भंडारी ने अपर मुख्य अधिकारी पौड़ी को अक्तूबर 2024 को एक शिकायती पत्र सौंपा था। पत्र में उन्होंने बताया था कि कार्यालय से कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस व पत्रावलियां गायब होने की बात कही थी। जिस पर एएमए द्वारा मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया। वित्तीय परामर्शदाता डा. सुदेश चंद्र जुगरान की अध्यक्षता वाली जांच टीम ने जांच में पाया कि निर्माण अनुभाग का कंप्यूटर, प्रिंटर व यूपीएस वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के संरक्षण में गायब हुए हैं। साथ ही पटल के कार्मिकों ने समिति को बताया कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी द्वारा ली गई पत्रावलियां उन्हें वापस नहीं लौटाई गई हैं। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने बताया कि जिला पंचायत पौड़ी के निर्माण अनुभाग से कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस व पत्रावलियां गायब होने संबंधी शिकायती पत्र मिला है। जिसकी जांच पौड़ी पुलिस को सौंपने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।

