हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र में वन भूमि पर सैकड़ों बीघा जमीन पर हुए अवैध पेड़ कटान और अवैध प्लाटिंग के गंभीर मामले में अब प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है।

इससे पहले सामने आई खबरों में आरोप लगाए गए थे कि हजारों बेशकीमती, प्रतिबंधित एवं विलुप्त प्रजाति के हरे पेड़ों को काटकर वन भूमि को अवैध कॉलोनियों में बदलने की साज़िश रची जा रही है। मामले के उजागर होते ही माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख़्त और ज़ीरो टॉलरेंस वाले रुख का असर ज़मीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार के स्पष्ट विज़न और कड़े प्रशासनिक निर्देशों के तहत तथा हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका की भ्रष्टाचार के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस मुहिम के चलते इस पूरे प्रकरण का तत्काल संज्ञान लिया गया।

HRDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाई और भूमाफिया प्रवृत्ति के लोगों को नोटिस जारी किए। साथ ही मामले से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट वन विभाग और राजस्व विभाग को भी भेजी जा रही है, ताकि अवैध कटान और भूमि हड़पने की साज़िश में शामिल लोगों पर संयुक्त कार्रवाई की जा सके।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उस नीति का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिसमें वन, भूमि और पर्यावरण से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं रखा गया है।
