हरिद्वार, 24 फरवरी 2026।
हरिद्वार में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी कार्यालय में तैनात एक उपनल कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रमोद सेमवाल के रूप में हुई है, जो सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3, हरिद्वार कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग से शिकायत की थी कि उसकी फर्म “हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री”, जो वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है, के वर्ष 2017 के वैट (VAT) कर निपटान के नाम पर उससे अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। विभाग की ओर से अंतिम तीन माह का वैट टैक्स लगभग 1,76,000 रुपये बताया गया था।
आरोप है कि प्रमोद सेमवाल ने उक्त कर राशि को समाप्त कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से 1,20,000 रुपये नकद की मांग की और यह रकम किस्तों में देने को कहा। शिकायत के आधार पर सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने जाल बिछाया और आज 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी को सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय के पास रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि प्रमोद सेमवाल पिछले करीब 18 वर्षों से उपनल के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। उस पर पुराने वैट मामलों के निस्तारण के नाम पर अवैध वसूली करने के आरोप हैं।
सतर्कता टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

